यमुनोत्री के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का राज्य मंत्री रामसुन्दर नौटियाल ने किया निरीक्षण, राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी के निर्देश
उत्तरकाशी।
यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित छेणद गांव तथा खालसी–संकराल–जोगत मोटर मार्ग का राज्य मंत्री रामसुन्दर नौटियाल ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को राहत, सुरक्षा एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत अवलोकन किया और अधिकारियों को सुरक्षात्मक एवं उपचारात्मक कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से पहले गांव की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में ब्रेस्ट वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण कराया जाएगा।
रामसुन्दर नौटियाल ने बताया कि सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि जिलाधिकारी द्वारा लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी गई है। वहीं मोटर मार्ग निर्माण के लिए ₹22 लाख की धनराशि उपलब्ध है तथा सड़क कटिंग के लिए ₹99 लाख की स्वीकृति शासन से मिल चुकी है, जिससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर छेणद गांव में सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया था। साथ ही प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा आवश्यक धनराशि स्वीकृत कराने में दिए गए सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
स्थलीय निरीक्षण के बाद राज्य मंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। खालसी में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि मोटर मार्ग निर्माण के दौरान मलबे से प्रभावित होने वाले किसानों के खेतों का नियमानुसार उचित प्रतिकर (मुआवजा) दिया जाएगा। इसके लिए प्रभावित स्थलों का मौके पर चिन्हीकरण भी किया गया है।
राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि विस्थापित परिवारों को अस्थायी आवास के लिए ₹4,000 प्रतिमाह किराया सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सभी आपदा प्रभावित परिवारों को राहत स्वरूप राशन किट भी वितरित की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा प्रभावित प्रत्येक परिवार की सुरक्षा, पुनर्वास और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सभी सुरक्षात्मक एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चिन्यालीसौड़ श्री शनिदयाल, तहसीलदार चिन्यालीसौड़, जल निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी, प्रधान खालसी श्री कुंवर सिंह कखवाड़ी, ग्राम प्रधान छेणद श्रीमती सोनिका देवी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
BDH जनमंच के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, पांच सूत्रीय मांगों पर मिला आश्वासन
BDH जनमंच के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्र की पांच सूत्रीय मांगों एवं विभिन्न जनसमस्याओं को...
17वें दिन समाप्त हुआ BDH जन मंच का धरना, 5 मांगों पर लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म
बनचौरा में पांच प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर 17 दिनों से चल रहा BDH जन मंच का धरना SDM डुण्डा के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।...
बनचौरा में नौवें दिन भी धरना जारी, मशाल जुलूस निकालकर BDH जनमंच ने जताया आक्रोश
बनचौरा में पांच प्रमुख मांगों को लेकर BDH जनमंच का अनिश्चितकालीन धरना नौवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने शाम पांच बजे मशाल जु...
BDH जन मंच के धरने का छठवां दिन: पांचों मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
बनचौरा में BDH जन मंच का अनिश्चितकालीन धरना छठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन से आंदोलन समाप्त न...