छेणद आपदा प्रभावितों के पुनर्वास की मांग लेकर मुख्यमंत्री से मिले रामसुन्दर नौटियाल
यमुनोत्री विधानसभा के चिन्यालीसौड़ विकासखंड अंतर्गत छेणद गांव में हाल ही में हुई भीषण वर्षा और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं राहत की मांग को लेकर उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री दर्जाधारी एवं भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रामसुन्दर नौटियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्य सेवक सदन में मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए छेणद गांव के आपदा प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत, स्थायी पुनर्वास, उचित प्रतिकर (मुआवजा) और विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की।
रामसुन्दर नौटियाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि खालसी मोटर मार्ग से हुए भूस्खलन के कारण करीब 40 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि 15 से अधिक परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से विस्थापित करना पड़ा है। लगातार बने खतरे के कारण इन परिवारों का अपने घरों में लौटना फिलहाल संभव नहीं है।
उन्होंने मांग की कि जिन परिवारों के मकान रहने योग्य नहीं रह गए हैं, उनका शीघ्र स्थायी पुनर्वास किया जाए। साथ ही प्रभावितों को उदार आर्थिक सहायता प्रदान करने और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षात्मक एवं स्थिरीकरण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
रामसुन्दर नौटियाल ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से भी चर्चा की थी। उन्होंने छेणद गांव के लिए ₹10 लाख की सहायता राशि घोषित किए जाने पर प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त किया तथा गांव के पूर्ण पुनर्वास के लिए अतिरिक्त आर्थिक पैकेज की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से प्रभावित परिवारों तक खाद्यान्न और राहत सामग्री पहुंचाने का अनुरोध किया था, जिसके बाद प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रामसुन्दर नौटियाल ने उन्हें चिन्यालीसौड़ आने का निमंत्रण भी दिया। साथ ही यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न लंबित विकास योजनाओं के शीघ्र अनुमोदन का आग्रह किया। उन्होंने चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला अस्पताल/बेस अस्पताल का दर्जा देने तथा राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ को स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उच्चीकृत करने सहित कई जनहित के विषय भी उठाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सबसे लंबे कार्यकाल का नया रिकॉर्ड बनने पर रामसुन्दर नौटियाल ने उन्हें बधाई दी और मां यमुनोत्री का पवित्र जल एवं चुनरी भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल नेतृत्व की कामना की।
संबंधित खबरें
चिन्यालीसौड़ के जेष्ठवाड़ी में 11 वर्षीय बच्ची पर बाघ का हमला, ग्रामीणों के शोर मचाने पर बची जान
चिन्यालीसौड़ के जेष्ठवाड़ी गांव में बुधवार सुबह डाडा हारी तोक में घास काटने गई 11 वर्षीय बच्ची पर बाघ ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद...
चिन्यालीसौड़ में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं स्वागत समारोह आयोजित
चिन्यालीसौड़ गेस्ट हाउस में कांग्रेस के प्रदेश, जनपद, ब्लॉक, न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का...
भाजपा ने दीपक बिजल्वाण पर जताया भरोसा, प्रदेश कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के...
यमुनोत्री विधानसभा में 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज, कई चेहरों के नाम चर्चा में
यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई प्रमुख राजनीतिक चेहरों के नाम संभावित...